बिहार में अलर्ट: गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर 5 जिलों में निगरानी तेज
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बिहार के बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार में अलर्ट जारी किया गया है. गांधी घाट पर पानी HFL पार कर चुका है.
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बिहार के बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार में अलर्ट जारी किया गया है. गांधी घाट पर पानी HFL पार कर चुका है.
पटना (PATNA): बिहार में बाढ़ का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. ऐसे में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बाद जल संसाधन विभाग ने डाउनस्ट्रीम इलाकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर उच्चतम बाढ़ स्तर यानी HFL को पार कर गया है. अब पानी का दबाव नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों की ओर बढ़ने की संभावना है. इसका असर अगले 1 से 3 दिनों में हाथीदह और उसके बाद आने वाले गेज स्टेशनों पर दिखाई दे सकता है. विभाग ने आशंका जताई है कि हाथीदह में गंगा का जलस्तर पुराने उच्चतम बाढ़ स्तर को भी पार कर सकता है.
स्थिति को देखते हुए बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर और कटिहार जिले के गंगा किनारे बसे इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. जल संसाधन विभाग ने संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अलर्ट रहने तथा नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने को कहा है. अधिकारियों को तटबंधों, संवेदनशील स्थानों और निचले इलाकों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम पहले से उठाने को कहा गया है.
विभाग ने सभी संबंधित अभियंताओं को बाढ़ नियंत्रण से जुड़े संसाधनों और मशीनरी को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया है. इसके अलावा स्थानीय प्रशासन को नदी के किनारे रहने वाले लोगों को लगातार जागरूक करने और जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है. प्रशासन से नावों के परिचालन पर विशेष निगरानी रखने और नावों में क्षमता से अधिक लोगों को सवार होने से रोकने की सलाह दी गई है. जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाएं और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. विभाग ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.