कंगना रनौत पर AIMIM विधायक तौसीफ आलम की विवादित टिप्पणी, बिहार की राजनीति में मचा बवाल

कंगना रनौत पर AIMIM विधायक तौसीफ आलम की विवादित टिप्पणी, बिहार की राजनीति में मचा बवाल

किशनगंज (KISHANGANJ):बिहार के किशनगंज जिले की बहादुरगंज विधानसभा सीट से AIMIM विधायक तौसीफ आलम ने भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विवादित टिप्पणी की है. उनके बयान के बाद जिले से लेकर पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है.मीडिया से बातचीत में विधायक तौसीफ आलम ने कंगना रनौत के अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनकी तरह अपनी जुबान खराब नहीं करना चाहते, लेकिन उनका इतिहास सबके सामने है. उन्होंने कहा कि कंगना पहले फिल्मों में अभिनय करती थीं और उन्हें अपने सार्वजनिक जीवन तथा वर्तमान पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए. इस दौरान उन्होंने कंगना रनौत के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया, जिसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं.

भूख हड़ताल के अधिकार का समर्थन

विधायक ने लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल के अधिकार का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है. उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना रनौत प्रदर्शन करने वालों पर सवाल उठाती हैं, जबकि लोकतंत्र में असहमति जताना और अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है.तौसीफ आलम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कंगना रनौत को टिकट देकर सांसद बनाया है, इसलिए उन्हें अपने पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए और ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिनसे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो.

बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म

विधायक के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों के बीच इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कंगना रनौत की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बयान को लेकर आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है.