बिहार में AI से छात्रों का होगा कौशल विकास, सीएम ने कहा 'एआई एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर होगा स्थापित'

वर्ष 2027 तक एआई एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव, लगभग 200 उच्च कौशल एवं रोजगार होंगे सृजित. Bihar IT Policy 2024, Bihar GCC Policy 2026 एवं Bihar AI Policy 2026 के तहत बिहार में तकनीकी निवेश को प्रोत्साहन, सूचना प्रावैधिकी विभाग और एआई कंपनी टाइगर एनालिटिक्स इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

बिहार में AI से छात्रों का होगा कौशल विकास, सीएम ने कहा 'एआई एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर होगा स्थापित'

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में सूचना प्रावैधिकी विभाग और एआई कंपनी टाइगर एनालिटिक्स इंडिया कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच बिहार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए. इस समझौते के तहत वर्ष 2027 तक ग्लोबल डिलीवरी सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव है. इसके माध्यम से राज्य के लगभग 200 युवाओं के लिये उच्च कौशल एवं रोजगार के अवसर सृजित होंगे.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य बिहार को देश के प्रमुख एआई इकोसिस्टम हब के रूप में विकसित करना है. इसके माध्यम से राज्य के छात्र-छात्राओं, युवाओं, तकनीकी पेशेवरों तथा सरकारी अधिकारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा एनालिटिक्स के क्षेत्र में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. इस सेंटर के माध्यम से युवाओं की तकनीकी दक्षता एवं कौशल का विकास होगा. साथ ही उन्हें भविष्य की उभरती तकनीकों के अनुरूप रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे, इससे राज्य में तकनीकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

बिहार सरकार द्वारा निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से Bihar IT Policy 2024, Bihar GCC Policy 2026 तथा Bihar AI Policy 2026 जैसी नीतियां लागू की गई हैं. इन नीतियों के माध्यम से कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन, आधुनिक तकनीकी आधारभूत संरचना तथा व्यवसाय स्थापना में सुगमता प्रदान की जा रही है. एआई एवं मशीन लर्निंग आधारित ग्लोबल डिलीवरी सेंटर की स्थापना से बिहार के आईटी एवं एआई इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी. साथ ही, राज्य के युवाओं को उन्नत तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा अन्य राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों के लिए बिहार में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे. इस परियोजना में टाइगर एनालिटिक्स इंडस्ट्री पार्टनर की भूमिका निभाएगा.

इस अवसर पर सूचना प्रावैधिकी सह नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, टाइगर एनालिटिक्स के वाइस प्रेसिडेंट एवं ग्लोबल हेड बद्रीश प्रकाश सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.