दानापुर में 22 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
दानापुर में 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित होगी. इसमें बिहार-झारखंड के 11,042 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में हिस्सा लेंगे.
दानापुर (DANAPUR): भारतीय सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे बिहार और झारखंड के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है. दानापुर में 22 सितंबर 2026 से अग्निवीर भर्ती रैली शुरू होगी जो 6 अक्टूबर तक चलेगी. सेना भर्ती मुख्यालय दानापुर की ओर से आयोजित रैली में अलग-अलग श्रेणियों के कुल 11,042 अभ्यर्थियों के शामिल होने की तैयारी है. इनमें 257 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं.
चांदमारी के केएलपी मैदान में होगी भर्ती
भर्ती प्रक्रिया दानापुर के चांदमारी स्थित केएलपी मैदान में आयोजित की जाएगी. रैली में केवल कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफल होकर शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को शामिल होने का मौका मिलेगा. उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में निर्धारित तारीख और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा. बारिश के कारण मैदान की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस बार 1.6 किलोमीटर की दौड़ सड़क पर कराने की तैयारी है. अभ्यर्थियों को जूते पहनकर दौड़ना होगा. इसलिए उम्मीदवारों को ऐसे आरामदायक रनिंग शूज पहनने की सलाह दी गई है, जिनमें सड़क पर दौड़ने में परेशानी न हो. दौड़ के अलावा अभ्यर्थियों को बीम, 9 फीट गड्ढा कूद और जिग-जैग बैलेंसिंग जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाओं से भी गुजरना होगा.
मूल दस्तावेज लेकर पहुंचना जरूरी
रैली में एडमिट कार्ड के साथ सभी आवश्यक मूल दस्तावेज लेकर पहुंचना जरूरी है. उम्मीदवार अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र और भर्ती से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेज पहले से व्यवस्थित कर लें. दस्तावेज अधूरे होने से भर्ती प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है.
22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक भर्ती कार्यक्रम
22 से 25 सितंबर तक पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के पुरुष अभ्यर्थियों की अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती होगी. 26 से 29 सितंबर तक इन्हीं जिलों के अभ्यर्थियों के लिए तकनीकी और कार्यालय सहायक/स्टोर कीपर तकनीकी श्रेणी की प्रक्रिया होगी. 30 सितंबर को ट्रेड्समैन, 1 अक्टूबर को झारखंड के अभ्यर्थियों और 2-3 अक्टूबर को बिहार के अग्निवीर क्लर्क अभ्यर्थियों की भर्ती निर्धारित है. 4 अक्टूबर को एआरओ गया क्षेत्र के उम्मीदवारों की प्रक्रिया होगी. 5 अक्टूबर रिजर्व डे है, जबकि 6 अक्टूबर को बिहार और झारखंड की महिला सैन्य पुलिस अभ्यर्थियों की भर्ती होगी.