छोटे सरकार पर कार्रवाई के बाद जदयू में हलचल तेज, सीएम सम्राट और नीतीश से मिले ललन सिंह

शनिवार को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी को बाहर कर दिया जिसके बाद राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है.

छोटे सरकार पर कार्रवाई के बाद जदयू में हलचल तेज, सीएम सम्राट और नीतीश से मिले ललन सिंह

पटना (PATNA): मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के ऊपर जदयू में कार्रवाई के बाद से ही केंद्रीय मंत्री ललन सिंह लगातार सक्रिय हैं. वह लगातार बड़े नेताओं से मिल रहे हैं. ललन सिंह से मिलने एक तरफ जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार देर रात उनके आवास पर पहुंचे तो सोमवार की सुबह ललन सिंह ने सीएम सम्राट से भी मुलाकात की. इसके बाद करीब 3 बजे ललन सिंह एक बार फिर नीतीश कुमार से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई. हालांकि इन बैठक और मुलाकातों के दौरान नेताओं के बीच क्या बात हो रही है इसकी कोई आधिकारिक जानकारी तो नहीं मिल सकी है लेकिन यह तय है कि अनंत सिंह पर कार्रवाई के मद्देनजर ही बैठकें की जा रही है. इससे पहले नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी पहुंचे थे.

बता दें कि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के काफी करीबी हैं और दोनों नेताओं ने एक दूसरे के चुनाव में अपना पूरा दमखम भी लगाया था. इतना ही नहीं, विधान परिषद चुनाव के दौरान भी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ललन सिंह को ही अनंत सिंह से बात कर नीरज कुमार से सुलह करवाने की ज़िम्मेदारी दी थी. ललन सिंह ने अनंत सिंह से मुलाकात भी की थी लेकिन इसके बाद मीडिया से बात करते हुए कहा था कि अनंत सिंह ने जो आरोप लगाया है उसमें सत्यता भी है. हमने उनसे बात की है, अनंत सिंह सार्वजनिक रूप से पार्टी विरोधी बयान नहीं देंगे.