सियासी घमासान के बाद आख़िरकार राबड़ी देवी ने खाली किया सरकारी बंगला, कौटिल्य नगर आवास में हुईं शिफ्ट

सियासी घमासान के बाद आख़िरकार राबड़ी देवी ने खाली किया सरकारी बंगला, कौटिल्य नगर आवास में हुईं शिफ्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): लंबे समय से बिहार की राजनीति का केंद्र रहे राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला आखिरकार गुरुवार को खाली हो गया.बता दें कि राबड़ी देवी पिछले 20 साल से इस आवास में रह रही थी. अब वह पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हो गई है. दरअसल, 22 जून को बिहार भवन निर्माण विभाग की ओर से राबड़ी देवी को नोटिस जारी किया गया था और सात दिनों के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद इस मुद्दे पर काफी राजनीतिक बयानबाजी हुई थी.आखिरकार आज निर्धारित प्रक्रिया के तहत राबड़ी देवी ने बंगला खाली कर दिया.

राबड़ी देवी अब पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रहेंगे

मिली जानकारी के मुताबिक, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी अब पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रहेंगे.हालांकि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए है.बता दें कि साल 2006 में राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित यह सरकारी आवास रहने के लिए आवंटित किया गया था.पिछले 20 वर्षों से यह बंगला बिहार की राजनीति का केंद्र बना रहा. यहां राजद के कई अहम राजनीतिक फैसले हुए और परिवार ने कई राजनीतिक उतार-चढ़ाव देखे.इसी आवास में रहते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. वहीं, राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच यह सरकारी आवास लंबे समय से चर्चा का विषय बना रहा.

बंगला खाली करने को लेकर मचा था सियासी घमासान

आपको बता दें कि राबड़ी देवी यह आवास खाली नहीं करना चाहती थीं. इसे लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुली चुनौती देते हुए कहा था कि यह सरकारी आवास है और इसे हर हाल में खाली करना होगा.हालांकि, बिहार के विपक्षी नेताओं ने सम्राट चौधरी पर राजनीतिक दुर्भावना के तहत बंगला खाली कराने का आरोप लगाया था. वहीं, सरकार का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई पूरी तरह नियमों के अनुरूप की गई है.