पटना में रिश्ते की बलि, दो साल के मासूम का सर काट मंदिर में चढ़ाया, बड़े भाई पर लगा आरोप

राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक भाई ने अपने ही छोटे भाई का सिर काट मंदिर में चढ़ा दिया. मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई

पटना में रिश्ते की बलि, दो साल के मासूम का सर काट मंदिर में चढ़ाया, बड़े भाई पर लगा आरोप

पटना: राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक भाई ने अपने ही छोटे भाई का सिर काट मंदिर में चढ़ा दिया. मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई. घटना राजधानी पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र के रानी तालाब थाधड़ के जीतन छपरा गांव की है जहां शनिवार की सुबह दुर्गा मंदिर में एक मासूम का सिर मिला है. फिलहाल बच्चे के धड़ का पता नहीं सका है. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक बच्चा महज दो वर्ष का है और उसके बड़े भाई ने ही सर काट कर दुर्गा मंदिर में चढ़ा दिया. हालांकि अभी मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह गांव के लोगों ने बच्चे का सर मंदिर में देखा जिसके बाद गांव में खबर आग की तरह फैल गई. मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई है. बताया जा रहा है कि बच्चे का सर मंदिर में मिला है जबकि उसके धड़ का कुछ पता नहीं चल सका है. अब बच्चे का धड़ मिलने और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की हत्या किसने और किस परिस्थिति में की. बताया जा रहा है कि मृतक बच्चा गांव के रंजू यादव का पुत्र है जबकि आरोप बच्चे के बड़े भाई 21 वर्षीय अजीत कुमार पर लगा है.

बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह आरोपी अपने भाई को लेके घुमाने निकला था और फिर करीब 10 बजे मासूम का सिर मंदिर में देखा गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है. लोग घटना को जादू टोना से जोड़ कर देख रहे हैं. फिलहाल आरोपी से पूछताछ और घटना की छानबीन के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला क्या है.