त्योहार की खुशियों से पहले टूटा दुखों का पहाड़, तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत, जानिए कहां का है मामला

भैया दूज और छठ पूजा से पहले पटना के फुलवारीशरीफ स्थित हिंदूनी गांव में दर्दनाक हादसा हुआ. तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई.

त्योहार की खुशियों से पहले टूटा दुखों का पहाड़, तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत, जानिए कहां का है मामला

पटना (PATNA): भैया दूज और छठ पूजा की तैयारियों के बीच पटना के फुलवारीशरीफ स्थित हिंदूनी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. गांव के तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान बेली कुमारी (18), पिता रामवरण राय, मौली कुमारी (17), पिता मनोज कुमार और सृष्टि कुमारी (7), पिता अरुण पासवान के रूप में हुई है. एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई. बच्चियों की जान बचाने की उम्मीद में परिजन गांव से पटना एम्स तक भाग-दौड़ करते रहे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.

जानकारी के अनुसार, भैया दूज के अवसर पर गांव के घरों में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान तीनों बच्चियां नहाने के लिए गांव के तालाब में चली गईं. नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में पहुंच गईं और डूबने लगीं. बच्चियों को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों को तालाब से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई. एक बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे पटना एम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. हालांकि, हादसे में तीनों बच्चियों की जान नहीं बच सकी.

घटना की जानकारी मिलते ही फुलवारीशरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अंत्येष्टि के लिए सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराई. इस हादसे के बाद हिंदूनी गांव में मातम पसरा हुआ है. जिन घरों में छठ पूजा की तैयारियां और त्योहार की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम और परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है.