रिश्ता शर्मसार! प्रेमी संग रहने की ऐसी जिद की पत्नी ने लोन लेकर दे दी अपने ही पति की सुपारी, फिर जो हुआ....
बिहटा के सिमरी गांव में मो. इरफान इमाम हत्याकांड में मुख्य नाबालिग शूटर गिरफ्तार. पुलिस के अनुसार, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और 40 हजार रुपये का लोन लेकर सुपारी दी.
पटना (PATNA): बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में ड्राइवर मो. इरफान इमाम हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. घर में घुसकर गोली मारने वाले फरार मुख्य नाबालिग शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर विधि विरुद्ध निरुद्ध किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. आरोप है कि हत्या के लिए जीविका समूह से 40 हजार रुपये का लोन लेकर सुपारी दी गई थी.
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर की देर रात अपराधियों ने सिमरी गांव स्थित मो. इरफान इमाम के घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी थी. इस हमले में उनकी मौत हो गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतक की पत्नी फौजिया फिरदौस उर्फ नेहा के फर्द बयान पर बिहटा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दावा किया था कि महज 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया.
पुलिस की जांच में मृतक की पत्नी फौजिया फिरदौस उर्फ नेहा और गांव के ही करण चौधरी के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई. बताया जा रहा है कि इरफान को पत्नी के इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी. इसके बाद आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी करण चौधरी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए जीविका समूह से 40 हजार रुपये का लोन लिया गया. इसके बाद करण चौधरी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिलाया.
इस मामले में दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी करण चौधरी और एक अन्य नाबालिग को पहले ही विधि विरुद्ध निरुद्ध किया जा चुका है. अब फरार चल रहे मुख्य नाबालिग शूटर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि, हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार अब तक बरामद नहीं हुआ है. पुलिस हथियार की बरामदगी के साथ ही हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि मामले में और अहम जानकारियां सामने आएंगी.