रिश्ता शर्मसार! चाचा-चाची ने पटक-पटककर ले ली डेढ़ साल के मासूम की जान, जानिए पूरा मामला
पटना के पालीगंज में खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई. चाचा-चाची पर बच्चे को जमीन पर पटककर मारने का आरोप है.
पटना के पालीगंज में खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई. चाचा-चाची पर बच्चे को जमीन पर पटककर मारने का आरोप है.
पटना (PATNA): बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बच्चों के बीच खेल-खेल में हुए मामूली विवाद के बाद डेढ़ साल के मासूम की जान चली गई. आरोप है कि मासूम के सगे चाचा और चाची ने उसे जमीन पर पटककर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं.
मामला पालीगंज प्रखंड के कशोपुर गांव का है. जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार का डेढ़ वर्षीय बेटा रिशु घर के आंगन के बाहर अपने चचेरे भाई के साथ खेल रहा था. इसी दौरान दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद बच्चे के चाचा हरेंद्र कुमार और चाची ममता देवी वहां पहुंचे. दोनों ने गुस्से में आकर मासूम को जमीन पर पटक दिया और उसकी पिटाई कर दी. गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाचा-चाची मौके से फरार हो गए. वहीं सूचना मिलने पर पालीगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया गया.
पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक महिला ने अपनी गोतनी के डेढ़ वर्षीय बेटे को जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फरार महिला और उसके पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है.