नीतीश सेतु पर धू-धू कर जला CNG ऑटो, आग बुझी तो खुल गई शराब तस्करी की पोल

कच्ची दरगाह - बिदुपुर नीतीश सेतु पर चलती ऑटो में आग लग गई जिसके बाद कुछ ही देर में ऑटो जल कर राख हो गई. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब जांच पड़ताल की तो उसके चालक और मालिक को खोजने में जुट गई

नीतीश सेतु पर धू-धू कर जला CNG ऑटो, आग बुझी तो खुल गई शराब तस्करी की पोल

पटना: पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर को जोड़ने वाले नीतीश सेतु पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होने से बच गया. हालांकि बाद में जब पुलिस ने जांच की तो पैरों तले जमीन ही खिसक गया. कच्ची दरगाह - बिदुपुर पुल पर शुक्रवार को अचानक एक सीएनजी ऑटो में आग लग गई. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरी ऑटो महज कुछ ही देर में धू धू कर जल गई. गनीमत रही कि चालक समय रहते ऑटो से उतर गया अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. इस दौरान घटनास्थल पर काले धुएं का गुबार देखने को मिला वहीं सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुक गई.

घटना की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच कर जब तक आग बुझाई तब तक ऑटो जल कर राख हो गई. बताया जा रहा है कि ऑटो राघोपुर की तरफ जा रही थी. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. इस दौरान पुलिस को कुछ ऐसे सुराग मिले कि अब चालक और ऑटो मालिक की तलाश शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि ऑटो से शराब की तस्करी की जा रही थी.

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ऑटो लेकर रुस्तमपुर थाना आ गई और अब चालक के साथ ही उसके मालिक की तलाश भी तेज कर दी है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ऑटो चालक ने इंजन के बगल में शराब रखे थे. लगातार ऑटो चलने की वजह से इंजन गर्म हो गया और बगल में शराब रखे जाने की वजह से आग लग गई. 

मामले में रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि सिक्स लेन पुल पर एक टेंपो में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आग बुझाया गया. जांच-पड़ताल में पता चला कि शराब तस्कर टेंपो के इंजन के पास शराब रखकर पटना की तरफ जा रहा था, इंजन गर्म होने के कारण आग लग गई, जिसमें टेंपो पूरी तरह जल गई. टेंपो को जब्त करके थाने पर लाया गया है. टेंपो चालक, मालिक और शराब तस्कर का पता लगाया जा रहा है. सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Image