पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

बिहटा के सिमरी गांव में ऑटो चालक इरफान इमाम की हत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की साजिश रची गई थी.

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश, पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

पटना (PATNA): पटना जिले के बिहटा से बड़ी खबर सामने आ रही है. सिमरी गांव में घर में घुसकर ऑटो चालक इरफान इमाम की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है.  पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता मृतक की पत्नी थी, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी.  पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक नाबालिग किशोर को गिरफ्तार किया है. वहीं, गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है.

घर में घुसकर मारी गई थी गोली

मामला बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव का है. बीते 10 नवंबर की देर रात ऑटो चालक इरफान इमाम की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और हत्याकांड के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया. तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को मृतक की पत्नी नेहा उर्फ फोजिया फिरदौस पर शक हुआ. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे हुए.

दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस जांच में सामने आया कि नेहा का गांव के ही रहने वाले करण कुमार के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसकी जानकारी इरफान को हो गई थी. इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा था. पुलिस का दावा है कि इसी रिश्ते में पति को बाधा मानते हुए पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई. इस मामले में पुलिस ने करण कुमार और एक नाबालिग किशोर को भी गिरफ्तार किया है. दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है. हालांकि, हत्या में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है. गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.Image