बिहार के गन्ना किसानों को सरकार का बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री सम्राट ने गन्ना विकास रथ को दिखाई हरी झंडी
बिहार में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने और किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ -2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
पटना(PATNA): बिहार में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने और किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ -2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर किसानों को गन्ने की खेती से जुड़ी योजनाओं और नई तकनीकों के बारे में जानकारी देगा.
नुक्कड़ नाटक से किसानों को मिलेगी जानकारी
गन्ना विकास मंत्री संजय पासवान ने बताया कि यह रथ पूरे बिहार का दौरा करेगा. इस दौरान गांवों में नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनके जरिए किसानों को बताया जाएगा कि सरकार गन्ने की खेती को बेहतर बनाने के लिए कौन-कौन सी योजनाएं चला रही है. साथ ही, आने वाले समय में शुरू होने वाली योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी. सरकार का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा किसान इन योजनाओं का फायदा उठा सकें और राज्य में गन्ने का उत्पादन बढ़ाया जा सके.
बिहार में नई चीनी मिलें खोलने की तैयारी
मंत्री संजय पासवान ने बताया कि फिलहाल बिहार में 10 चीनी मिलें चल रही हैं. लेकिन सरकार अब राज्य में नई चीनी मिलें शुरू करने की दिशा में भी काम कर रही है. इसके लिए प्राथमिकता तय कर ली गई है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में बिहार में नई चीनी मिलें शुरू होंगी. इससे गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी.
11 दिसंबर को बिहार आएंगे अमित शाह
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर भी मंत्री ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के बाद 11 दिसंबर को अमित शाह बिहार पहुंचेंगे. इस दौरान वे चीनी मिलों से जुड़े शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में शामिल होंगे. ऐसे में राज्य में गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने की सरकार की कोशिशों को लेकर यह दौरा अहम माना जा रहा है.