पटना में 'महादेव एप' की तर्ज पर ठगी का खुलासा, STF ने 5 राज्यों में एक साथ दी दबिश, 6 गिरफ्तार -37 हिरासत में
राजधानी पटना में बुधवार को अवैध सट्टेबाजी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की. एसटीएफ की टीम ने एक तरफ जहां पटना में सट्टेबाजों के 7 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की तो दूसरी तरफ अन्य चार राज्यों में भी कड़ी जांच पड़ताल की.
पटना: राजधानी पटना में बुधवार को अवैध सट्टेबाजी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की. एसटीएफ की टीम ने एक तरफ जहां पटना में सट्टेबाजों के 7 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की तो दूसरी तरफ अन्य चार राज्यों में भी कड़ी जांच पड़ताल की. दिन भर की जांच पड़ताल के बाद एसटीएफ ने सभी पांच राज्यों में 16 ठिकानों से सरगना समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया जबकि 37 अन्य लोगों को हिरासत में लिया है. फिलहाल सभी से पूछताछ कर अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजी गिरोह का पता लगाने की कोशिश जारी है. इस कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने करीब 22 लाख रुपये नकद और आधा किलो जेवर भी बरामद किए जबकि विभिन्न बैंक खातों से करीब 1 करोड़ रुपए के ट्रांजैक्शन की भी जानकारी मिली है.
22 लाख नकद, करोड़ों के ट्रांजैक्शन मिले
एसटीएफ की टीम ने बुधवार को पटना में 7, कोलकाता में 2, दिल्ली में 3, प्रयागराज में 2, गाजियाबाद तथा रांची में एक एक ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान गिरोह के सरगना समेत कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए जबकि कुल 37 लोगों को हिरासत में लिया गया है. कार्रवाई के दौरान विभिन्न ठिकानों से एसटीएफ में 22 लाख रुपए नकद, 300 से अधिक एटीम और क्रेडिट कार्ड, 100 से अधिक मोबाइल, 5 लैपटॉप, 6 टैब, करीब आधा किलो जेवरात, POS, QR साउंड बॉक्स और कई महंगी घड़ियाँ बरामद की. इसके साथ ही जांच में 44 म्यूल खातों में करीब 88.52 करोड़ रुपए जमा हुए जबकि 87.62 करोड़ दूसरे खातों में भेज दिए गए.
गेमिंग वेबसाइट से करते थे ऑनलाइन ठगी
जांच के दौरान एसटीएफ को जानकारी मिली कि गिरोह एक गेमिंग वेबसाइट पर के जरिए लोगों को बेवकूफ बना कर रुपए ऐंठते थे. उक्त वेबसाइट दुबई के सर्वर से चलाया जाता था. शुरुआत में ये लोग वेबसाइट पर गेम में जीतने का लालच देते थे, फिर ठगी का खेल शुरू होता था और लोगों को लाखों रुपए का चूना लगाते थे. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वेबसाइट के जरिए किस स्तर पर सट्टेबाजी का कारोबार चलाया जा रहा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी. गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बनाकर काम कर रहे थे. पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा था, जिसकी आर्थिक गतिविधियों और लेनदेन की कड़ियां कई राज्यों तक फैली हुई हैं.
गिरोह का तार कहां तक है फैला
एसटीएफ छापेमारी के दौरान ठिकानों से मिले दस्तावेज समेत अन्य जानकारी के आधार पर जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गिरोह का तार कहां तक फैला है. फिलहाल यह एसटीएफ बरामद बैंक खातों, वेबसाइट के संचालन, और आर्थिक लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित पैसे कहां खर्च किए जाते थे.
बता दें कि बुधवार की सुबह सुबह एसटीएफ की टीम राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट में पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्धों से पूछताछ की. वहीं बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट और पत्रकार नगर के साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इसके अलावा पाटलिपुत्र गोलंबर के पास डॉक्टर निगम प्रकाश के बगल स्थित परिसर में भी एसटीएफ की टीम ने दबिश दी. एसटीएफ की छापेमारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था लेकिन जब मामले का खुलासा हुआ तो लोग हतप्रभ हो गए.