पटना (PATNA) : लालू परिवार की सुरक्षा वापस करने के मुद्दे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सरकार जरूरत के आधार पर सुरक्षा उपलब्ध कराती है और यदि कोई सुरक्षा नहीं लेना चाहता तो उसे जबरदस्ती सुरक्षा नहीं दी जा सकती. वहीं, तेजस्वी यादव के आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष बिना वजह सरकार पर आरोप लगा रहा है जबकि राज्य में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं.
सरकार उसे मजबूर नहीं कर सकती
लालू परिवार द्वारा सुरक्षा वापस किए जाने के सवाल पर विजेंद्र यादव ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सरकार के नियमों और जरूरत के आधार पर तय की जाती है. अगर कोई सुरक्षा लेने से इनकार करता है तो सरकार उसे मजबूर नहीं कर सकती.
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर बदले की राजनीति करने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को स्पष्ट बताना चाहिए कि आखिर किस तरह का बदला लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें चुनाव में हराया है और वे विपक्ष में हैं इसलिए वे लगातार ऐसे बयान देते रहते हैं.
उपमुख्यमंत्री ने दिया जवाब
राज्य में विकास कार्य नहीं होने संबंधी तेजस्वी यादव के आरोपों पर भी उपमुख्यमंत्री ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अक्सर विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं, इसलिए उन्हें राज्य में हो रहे विकास कार्य दिखाई नहीं देते. सरकार लगातार विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है और जनता इसका लाभ भी देख रही है.
बिहार का खजाना खाली होने की चर्चा पर विजेंद्र यादव ने कहा कि यदि राज्य का खजाना खाली होता तो कर्मचारियों को समय पर वेतन कैसे मिलता. उन्होंने कहा कि सरकार की वित्तीय स्थिति मजबूत है और सभी जरूरी खर्च नियमित रूप से किए जा रहे हैं.
विपक्ष सरकार के अच्छे कार्यों की चर्चा नहीं करता
इसके अलावा राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार के अच्छे कार्यों की चर्चा नहीं करता. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि नीतीश कुमार ने ही दो बार तेजस्वी यादव को उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया था.
विजेंद्र यादव के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज हो गया है.

