बिहार की सरकारी अधिकृत कंपनी के चेक का क्लोन तैयार कर पौने 3 करोड़ की निकासी, बैंक के उड़े होश
बिहार में एक तरफ अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है तो दूसरी तरफ जालसाजों की जालसाजी रुकने का नाम नहीं ले रहा. ऐसा ही एक मामला सामने आया है
पटना: बिहार में एक तरफ अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है तो दूसरी तरफ जालसाजों की जालसाजी रुकने का नाम नहीं ले रहा. ऐसा ही एक मामला सामने आया है राजधानी से जहां एक सरकारी कंपनी के खाते से चेक क्लोनिंग कर 2.72 करोड़ रुपए की निकासी का मामला सामने आया है. जालसाजों ने ऐसी जालसाजी की कि 56 चेक क्लोन बैंक तक को जालसाजी की भनक तक नहीं लगी. जालसाजों ने सरकारी कंपनी बेल्ट्रॉन के खाते से जालसाजी की. मामला सामने आने के बाद जांच शुरू की गई. बैंक मैनेजर ने शास्त्रीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
31 अक्टूबर को बात आई सामने
जांच में यह सामने आया है कि बेल्ट्रॉन की असली चेक नागपुर की एक अधिकृत एजेंसी ने प्रिंट की थी जो कि करीब चार महीने बाद कंपनी के रजिस्टर्ड पते पर भेजी गई. इसके बाद जालसाज ने कानपुर की प्रिटिंग प्रेस से फर्जी चेकबुक प्रिंट करवाया. बीते 31 अक्टूबर को जब मामले में शक हुआ और जांच शुरू की गई तो पता चला कि फर्जी चेक पर प्रिटिंग प्रेस का नाम छपा हुआ है. साथ ही फर्जी निकासी के लिए जालसाजों ने कुल 56 चेक का उपयोग किया है.
कानपुर से छपवाई फर्जी चेक
मामले में बताया जा रहा है कि चेक पर कानपुर के प्रिंटिंग प्रेस का नाम देख कर जब शक हुआ तो छानबीन शुरू की गई जिसके बाद करीब 2.72 करोड़ फर्जी निकासी की बात सामने आई. बैंक ने संदेह होने पर पिछले सभी चेक निकाले और अब जिन खातों में पैसे भेजे गए हैं उनकी जानकारी जुटाई है. बैंक ने चेक की प्रतियां और संबंधित खातों का ब्योरा पुलिस को सौंपते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी.
नागपुर में छपी थी असली चेक
जानकारी के अनुसार, बेल्ट्रॉन की ओर से अप्रैल महीने में बैंक से चेकबुक जारी करने का अनुरोध किया गया था. बैंक ने इसकी मंजूरी दी थी. इसके बाद नागपुर स्थित अधिकृत एजेंसी ने चेकबुक छापकर स्पीड पोस्ट से बेल्ट्रॉन के रजिस्टर्ड पते पर भेज दी थी. आशंका जतायी जा रही है कि इसी दौरान जालसाजों ने कानपुर के प्रिंटिंग प्रेस के नाम वाली नकली स्टेशनरी पर बेल्ट्रॉन के खाते और चेक नंबर का इस्तेमाल कर क्लोन चेक तैयार कर लिये.