मोदी सरकार के 12 साल पूरे, पूर्णिया में ललन सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- राजद विलुप्त होने की ओर

मोदी सरकार के 12 साल पूरे, पूर्णिया में ललन सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां, कहा- राजद विलुप्त होने की ओर

पूर्णिया (PURNIA) : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पूर्णिया पहुंचे जहां उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है. वहीं, उन्होंने विपक्ष, खासकर राजद पर भी जमकर निशाना साधा.

अब सरकार स्वयं लेती है फैसले

मीडिया से बातचीत के दौरान ललन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को लेकर लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले की सरकारों पर कई घोटालों के आरोप लगे थे, लेकिन पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है. उन्होंने कहा कि पहले देश की सरकार “रिमोट कंट्रोल” से चलती थी, जबकि अब फैसले सरकार स्वयं लेती है.

आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि आज भारत स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, विदेश नीति और रक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम उठा रहा है. उन्होंने कहा कि एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के जरिए देश की सैन्य ताकत और शौर्य को पूरी दुनिया ने देखा है.

राजद पर भी तीखा हमला

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए ललन सिंह ने राजद पर भी तीखा हमला किया. टीएमसी और शिवसेना में टूट के बाद बिहार में राजद के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राजद अब धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रही है. उनके अनुसार, पार्टी किसी तरह एक सीट के सहारे नेता प्रतिपक्ष का पद बचाए हुए है.

एनडीए की कोई भूमिका नहीं

वहीं, लालू प्रसाद यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सरकारी आवास खाली नहीं करने के आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सरकार में हैं और लालू यादव का बयान वास्तविक मुद्दे से अलग है. झारखंड राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार की जीत को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और इसमें एनडीए की कोई भूमिका नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई एनडीए में शामिल होना चाहता है तो उसका स्वागत है.