बिहार के 9 IPS अधिकारी जाएंगे हैदराबाद, मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए हुआ नामांकन

बिहार कैडर के 9 IPS अधिकारियों को हैदराबाद की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में होने वाले 28वें मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम फेज-III के लिए नामित किया गया है. प्रशिक्षण 26 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक चलेगा.

बिहार के 9 IPS अधिकारी जाएंगे हैदराबाद, मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए हुआ नामांकन

TNP DESK: बिहार कैडर के नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित होने वाले 28वें मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) फेज-III के लिए नामित किया गया है. यह प्रशिक्षण 26 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक चलेगा. गृह विभाग ने चयनित अधिकारियों की सूची राष्ट्रीय पुलिस अकादमी को भेज दी है.

नेतृत्व और आधुनिक पुलिसिंग पर रहेगा फोकस

मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्देश्य आईपीएस अधिकारियों की पेशेवर और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना है. प्रशिक्षण के दौरान बदलती पुलिसिंग व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की चुनौतियों, प्रशासनिक प्रबंधन, रणनीतिक निर्णय और जांच की आधुनिक तकनीकों से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. अलग-अलग राज्यों के अधिकारी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं. इससे उन्हें अपने अनुभव साझा करने के साथ दूसरे राज्यों में अपनाई जा रही पुलिसिंग की कार्यप्रणाली और नई रणनीतियों को समझने का मौका मिलता है.

गृह विभाग ने भेजी अधिकारियों की सूची

गृह विभाग के अपर सचिव दीपक कुमार की ओर से राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के उप निदेशक MCTP डॉ. श्रीनिवास ए. को बिहार कैडर के नामित अधिकारियों के संबंध में पत्र भेजा गया है. नामांकन की प्रक्रिया राष्ट्रीय पुलिस अकादमी द्वारा 3 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र के आधार पर की गई है.

इन 9 IPS अधिकारियों को किया गया नामित

नामित अधिकारियों में 2007 बैच के विवेक कुमार शामिल हैं, जो पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र, भागलपुर के पद पर तैनात हैं. 2013 बैच के राजेश कुमार आर्थिक अपराध इकाई में पुलिस अधीक्षक हैं.2016 बैच के किरण कुमार गोरख जाधव राज्यपाल सचिवालय में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. 2017 बैच के अभिषेक राहुल बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में सहायक निदेशक हैं, जबकि अमृतेश शेखर ठाकुर केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं. 2018 बैच के अधिकारियों में हरि शंकर कुमार, मनीष कुमार सिन्हा, रामानन्द कुमार कौशल और अंजनी कुमार को भी प्रशिक्षण के लिए नामित किया गया है. ये अधिकारी वर्तमान में रेल पुलिस, विशेष सशस्त्र पुलिस, विशेष निगरानी इकाई और विशेष कार्य बल जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

20 नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण

हैदराबाद की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में 26 अक्टूबर से शुरू होने वाला प्रशिक्षण 20 नवंबर 2026 तक चलेगा. इस दौरान अधिकारियों को नेतृत्व, रणनीतिक निर्णय, आधुनिक जांच प्रणाली और प्रभावी कानून-व्यवस्था प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा.