नवादा (NAWADA): जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची गर्भवती महिला को समय पर इलाज देने के बजाय दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया. आरोप है कि उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
मामला पकरीबरामा थाना क्षेत्र स्थित पीएससी अस्पताल का है. मृतका की पहचान सबिहा खातून के रूप में हुई है. पीड़ा होने पर सबिहा को पीएससी अस्पताल लाया गया था. लेकिन वहां इलाज और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं. इसके बजाय उन्हें करीब 22 किलोमीटर दूर दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार वालों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली.
मृतका के पति मोहम्मद शाहिद ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पीएससी अस्पताल में अक्सर मरीजों को मामूली स्थिति में भी उच्च केंद्रों पर रेफर कर दिया जाता है. इससे मरीजों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जो कई बार जानलेवा साबित होती है.
महिला को बाद में सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सदर अस्पताल के प्रबंधक कुमार आदित्य ने बताया कि महिला को पीएससी अस्पताल से रेफर किया गया था. वहीं परिजनों का यह भी आरोप है कि सदर अस्पताल में उस समय महिला चिकित्सक उपलब्ध नहीं थीं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. इस घटना ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब लोग मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

