नवादा में संदिग्ध हालात में शिक्षक का शव बरामद, हत्या की आशंका

नवादा के रोह प्रखंड में शिक्षक कौशलेंद्र कुमार नवीन का शव मिला है. शरीर और सिर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं. पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है.

नवादा में संदिग्ध हालात में शिक्षक का शव बरामद, हत्या की आशंका

नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले के रोह प्रखंड में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान रसोई गांव निवासी शिक्षक कौशलेंद्र कुमार नवीन के रूप में हुई है. उनका शव घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मदरा गांव के पास मिला है.शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उनकी पिटाई कर हत्या की गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

रविवार शाम घर से निकले, रात तक नहीं लौटे

परिजनों के अनुसार, कौशलेंद्र कुमार रविवार शाम करीब पांच बजे रोज की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे. उन्हें बाइक से जाते हुए भी देखा गया था. खास बात यह है कि वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे. देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई. करीब रात 10 बजे के बाद परिजनों ने आसपास उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.

सुबह मिले शव से पसरा मातम 

सोमवार सुबह मदरा गांव के पास एक शव दिखाई देने के बाद इसकी सूचना फैली. बाद में मृतक की पहचान कौशलेंद्र कुमार नवीन के रूप में की गई. शव मिलने की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया. बताया जा रहा है कि शिक्षक के सिर के साथ शरीर के कई अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं. इन निशानों के आधार पर पुलिस मामले की जांच हत्या के पहलू से कर रही है.

हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं

मृतक की पत्नी रूबी देवी के अनुसार, कौशलेंद्र कुमार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. ऐसे में उनकी हत्या किसने और किस वजह से की, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.