दुखद! शादी की खुशियां मातम में बदली, साली के तिलक से लौट रहे जीजा की सड़क हादसे में मौत

दुखद! शादी की खुशियां मातम में बदली, साली के तिलक से लौट रहे जीजा की सड़क हादसे में मौत

नवादा (NAWADA):बिहार के नवादा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां साली के तिलक समारोह से लौट रहे जीजा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. एक पल में आई इस मौत की खबर ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया.बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई. पूरा मामला नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के केंदुआ गांव का है, जहां रजौली थाना क्षेत्र के एकबार गांव निवासी 25 वर्षीय सूरज राजवंशी की दर्दनाक मौत हो गई.

तिलक समारोह से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सूरज राजवंशी अपनी साली के तिलक समारोह से बाइक से अपने घर लौट रहे थे.उनके साथ दो अन्य युवक भी बाइक पर सवार थे. तभी केंदुआ गांव के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, सूरज राजवंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हालांकि, दोनों घायल युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

 परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सूरज राजवंशी की शादी पांच साल पहले हुई थी.उनके दो छोटे बच्चे भी है. परिवार के भरण-पोषण के लिए वह दूसरे राज्य में रहकर काम करते थे, लेकिन साली की शादी की वजह से वह घर आए थे.उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इस दौरान उनकी मौत हो जाएगी.वहीं, शादी की तैयारियों के बीच अब घर में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी बेसुध है.