हमारी बेटी को मारकर लटकाया गया....नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति और सास पर लगाया आरोप

हमारी बेटी को मारकर लटकाया गया....नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति और सास पर लगाया आरोप

नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले में एक महिला के संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई है. वहीं महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है.पुरा मामला नरहट थाना क्षेत्र के मिल्की गांव का है.जहां 25 वर्षीय विनिता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के मायके वालों ने पति और सास पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

पांच साल पहले हुई थी शादी

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी पांच साल पहले सोनू कुमार से हुई थी. शादी के बाद से ही दामाद सोनू कुमार नशे में विनिता के साथ अक्सर मारपीट करता और उसे प्रताड़ित करता था.पिता का कहना है कि उनका दामाद नशे का आदी था.पिता के अनुसार, शनिवार रात भी विनिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी से लटका दिया गया. पिता ने पति और सास पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना रविवार को पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. विनिता अपने पीछे तीन वर्ष के एक बेटे को छोड़ गई है. मृतका के पिता ने दहेज प्रताड़ना को भी हत्या का एक कारण बताया है.नरहट थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है उन्होंने आश्वस्त किया कि मृतका के पिता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.