नवादा में ट्रक से 10 लाख की शराब बरामद, कोयले के नीचे बना था तहखाना,पढ़ें पूरी खबर
नवादा के रजौली में पुलिस ने कोयला लदे ट्रक से करीब 600 लीटर विदेशी शराब बरामद की. शराब को कोयले के डस्ट और विशेष तहखाने में छिपाया गया था. पुलिस ने चालक और खलासी को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है.
नवादा (NAWADA) : बिहार के नवादा जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रजौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने कोयला लदे एक ट्रक से करीब 600 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. बरामद शराब की बाजार कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. वहीं, जब्त किए गए ट्रक की कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है.
कोयले के नीचे बना था तहखाना
नवादा एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने करिगांव टोल प्लाजा के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान पुलिस ने ट्रक संख्या BR01GP1273 को रोककर उसकी तलाशी ली. शुरुआती जांच में ट्रक में कोयला और कोयले का डस्ट दिखाई दिया, लेकिन पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो तस्करी का तरीका सामने आया. शराब को कोयले के डस्ट के नीचे छिपाया गया था. इसके अलावा ट्रक के केबिन के पीछे एक विशेष तहखाना बनाया गया था, जिसमें कार्टन में विदेशी शराब रखी गई थी.
पुलिस मामले की तहकिकात में जुटी
पुलिस ने ट्रक चालक कुंदन कुमार और खलासी रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है. कुंदन नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के जगतनंदनपुर गांव का रहने वाला बताया गया है, जबकि रौशन अकौना गांव का निवासी है. पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि शराब की यह खेप पश्चिम बंगाल के आसनसोल से बिहार लाई जा रही थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की डिलीवरी बिहार के किस जिले और किन लोगों को दी जानी थी.
दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पुलिस शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. शराबबंदी को लेकर टोल प्लाजा और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी भी बढ़ाई गई है.