बिहार-झारखंड सीमा पर शराब तस्करी का भंडाफोड़, गुप्त तहखाने से 124 लीटर शराब बरामद

बिहार-झारखंड सीमा पर शराब तस्करी का भंडाफोड़, गुप्त तहखाने से 124 लीटर शराब बरामद

नवादा (NAWADA): बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रजौली थाना क्षेत्र के बिहार-झारखंड सीमावर्ती चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच चौकी प्रभारी सह उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार के नेतृत्व में टीम ने पश्चिम बंगाल नंबर की एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान कार चालक सह कथित शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया. उत्पाद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, चौकी पर 24 घंटे सभी छोटी-बड़ी गाड़ियों की सघन जांच की जा रही है. इसी क्रम में रविवार को पश्चिम बंगाल नंबर की स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका गया. तलाशी लेने पर कार की डिक्की और सीट के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला, जहां शराब छिपाकर रखी गई थी.

तलाशी के दौरान गुप्त तहखाने से पश्चिम बंगाल में निर्मित टेट्रा पैक में बंद ऑफिसर चॉइस और रॉयल स्टैग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई. उत्पाद विभाग ने जब्त शराब की कुल मात्रा 124.20 लीटर बताई है. इस मामले में गिरफ्तार चालक की पहचान नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुंआ गांव निवासी लल्लन पासवान के पुत्र राहुल पासवान के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान राहुल पासवान ने कथित तौर पर बताया कि शराब की यह खेप उसे चांद नामक व्यक्ति ने दी थी और इसे बिहार के अंदर पहुंचाना था. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि जब्त शराब और कार को जांच चौकी पर रखा गया है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके बयान के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.

उत्पाद विभाग अब चांद नामक व्यक्ति की तलाश के साथ-साथ पूरे शराब तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है. अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों से बिहार में शराब की अवैध खेप पहुंचाने की कोशिशों पर लगातार नजर रखी जा रही है. कार्रवाई के दौरान उत्पाद एएसआई पंकज कुमार, एएसआई विश्वजीत कुमार समेत गृहरक्षक के जवान मौजूद रहे. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मद्यनिषेध कानून के तहत चितरकोली जांच चौकी पर चौबीसों घंटे वाहनों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में अभियान आगे भी जारी रहेगा और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी लेकर अवैध शराब की आवाजाही पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी.