दहेज की लालच में पति बना कातिल, पत्नी की हत्या कर साले को भी किया लहूलुहान

दहेज की लालच में पति बना कातिल, पत्नी की हत्या कर साले को भी किया लहूलुहान

नवादा (NAWADA): सरकार की ओर से दहेज प्रथा को रोकने के लिए कई तरह के कानून बनाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद आज भी समाज में कुछ लोग ऐसे हैं जो बेटियों के पढ़े-लिखे और काबिल होने के बावजूद लड़की वालों से दहेज की मांग करते है.मांग पूरी नहीं होने पर बेटियों को प्रताड़ित किया जाता है और कई बार उनकी जान भी ले ली जाती है. बिहार के नवादा जिले से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दहेज के लोभी पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला किया. जब उसे बचाने के लिए उसका साला सामने आया, तो उस पर भी चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया.इस घटना में पत्नी की मौत हो गई है.

पढ़े कहाँ का है दिल दहला देने वाला मामला

आपको बता दें कि पूरा मामला नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुरा गांव का है.आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी और साले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पत्नी की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है.मृतका की पहचान चंद्रमौली सिंह की 27 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि घटना से करीब 10 घंटे पहले ही पूजा कुमारी को उसके पति के घर से मायके लाया गया था. पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था.

मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

मृतका के पिता उपेंद्र सिंह ने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और 10 लाख रुपये की मांग की जा रही थी. उन्होंने कहा कि गुरुवार की रात विवाद होने के बाद उनकी बेटी मायके में रह रही थी. शुक्रवार को पूजा अपने कमरे में सो रही थी, तभी उसका पति चंद्रमौली सिंह अचानक वहां पहुंचा और उस पर चाकू से कई वार कर दिए.

बचाने गए भाई पर भी चाकू बाजी

चीख-पुकार सुनकर पूजा का भाई नीतीश कुमार उसे बचाने पहुंचा, तो आरोपी ने उसके पेट में भी चाकू मार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.परिजन दोनों को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने पूजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि नीतीश कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है.

2018 में हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी और उनकी एक तीन वर्षीय बेटी भी है. वारसलीगंज थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. आवेदन के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.