नवादा (NAWADA):बिहार के नवादा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां वज्रपात की चपेट में आने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मरने वालों में 12 साल की एक बच्ची के साथ तीन किसान शामिल है.जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की दोपहर किसान खेत में काम कर रहे थे इसी दौरान अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी वजह से चार लोगों की जान चली गई एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया. बताया जा रहा है कि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल भी है.
4 की मौत,दो महिलाएं गंभीर
आपको बता दें कि यह पूरी घटना नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत सांगोवर गांव की है. मरने वालों में तीन किसान और एक नाबालिग बच्ची शामिल है. मृतकों की पहचान 45 वर्षीय शंभू कुमार, 50 वर्षीय मदन राजवंशी, 50 वर्षीय भुवनेश्वर राजवंशी तथा 12 वर्षीय मासूम सोनू कुमार के रूप में हुई है. वहीं झुलसी हुई महिलाओं में सुनीता देवी और शोभी देवी शामिल हैं.
जिला प्रशासन ने की अधिकारिक पुष्टि
घटना की खबर जैसे ही ग्रामीणों को लगी, गांव में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.उनकी मदद से घायल लोगों को पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया.वहीं दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गई हैं, जिनका इलाज चल रहा है.स्थानीय प्रशासन ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया है. प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन नियमों के तहत मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की बात कही गई है.
ख़राब मौसम में भूलकर भी खेतों में ना जाएं
आपको बता दें कि मौसम विभाग लगातार लोगों से अपील करता रहा है कि बारिश और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों, जैसे खेत या खुले मैदान में न रहें. वहीं, खासकर पेड़ के नीचे बिल्कुल भी शरण न लें, क्योंकि पेड़ों के पास वज्रपात की संभावना सबसे अधिक होती है.प्रशासन और पुलिस ने भी आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान भूलकर भी खेतों में न जाएं.

