नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. काशीचक थाना क्षेत्र के बौरी गांव में 7 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या कर दी गई. परिजनों का आरोप है कि अपराधियों ने पहले बच्चे की आंखें फोड़ दीं और फिर उसकी हत्या कर शव को तालाब किनारे फेंक दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
शनिवार से लापता था मासूम
मृतक की पहचान बौरी गांव निवासी कारु चौधरी के 7 वर्षीय पुत्र आर्यन राज के रूप में हुई है.परिजनों के अनुसार, आर्यन शनिवार शाम करीब 3 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. देर रात गांव के पश्चिम स्थित कब्रिस्तान के पास तालाब किनारे उसका शव पड़ा मिला. इसके बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काशीचक बौरी लेकर पहुंचे, जहां डॉ. सफीक आलम ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच में जुटी, लोगों में भारी आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे की दोनों आंखों से खून बह रहा था. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है.घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जुट गए और हंगामा किया. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता चल सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

