नवादा (NAWADA) : बिहार के नवादा शहर में महिला सिपाही के साथ कथित अभद्रता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना शहर के प्रजातंत्र चौक के पास की बताई जा रही है. वीडियो में वर्दी पहने एक महिला सिपाही के साथ दो युवक बहस और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में थे और महिला सिपाही से उलझ गए.
"महिला से क्यों लड़ रहे हो, मर्द से जाकर लड़ो."
वायरल वीडियो में महिला सिपाही युवकों को समझाते हुए कहती सुनाई दे रही हैं, "महिला से क्यों लड़ रहे हो, मर्द से जाकर लड़ो." इसके बावजूद दोनों युवक हंगामा करते रहे. आसपास मौजूद लोगों ने भी स्थिति को संभालने का प्रयास किया.
दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने बताया कि दोनों की मेडिकल जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे शराब के नशे में थे या नहीं. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभद्रता की घटना से लोगों में नाराजगी है
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित महिला सिपाही लंबे समय से नवादा में ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रही हैं. बेहतर यातायात प्रबंधन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें जिला प्रशासन द्वारा कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है. ऐसे में उनके साथ हुई अभद्रता की घटना से लोगों में नाराजगी है.
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर भी बहस तेज हो गई है. कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि राज्य में शराबबंदी प्रभावी है तो सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में लोग कैसे पहुंच रहे हैं. वहीं, बड़ी संख्या में लोगों ने महिला सिपाही के साहस की सराहना करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार साझा किया जा रहा है और लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं.

