नवादा (NAWADA) : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खालसा ढिबरी गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक युवक पर अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. हत्या के बाद शव को घर के एक कमरे में छोड़कर आरोपी बेटा फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
खुलासा उस समय हुआ जब घर से तेज बदबू आने लगी
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब घर से तेज बदबू आने लगी. आसपास के लोगों को शक हुआ तो वे घर के पास पहुंचे. इसके बाद मामले की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर की जांच की. इस दौरान एक कमरे से शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान खालसा ढिबरी गांव निवासी स्वर्गीय गनौरी यादव के पुत्र टुनटुन यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
मृतक का एक पुत्र फरार बताया जा रहा है,छानबीन जारी
बताया जा रहा है कि टुनटुन यादव के दो बेटे और एक बेटी हैं, लेकिन वह घर में अकेले रहते थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके सिर में गोली मारकर हत्या की गई है. घटना के बाद से मृतक का एक पुत्र फरार बताया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है. मुफस्सिल थाना के एएसआई मोहन कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस खालसा ढिबरी गांव पहुंची थी. शुरुआती जांच में सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्या करीब दो दिन पहले की गई होगी.
हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है,पड़ताल तेज
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है. वहीं, मृतक के परिजन घटना के संबंध में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

