BREAKING: NH-20 पर मौत बनकर खड़ा था ट्रक! तेज रफ्तार कार पीछे से घुसी, 3 साल के मासूम की मौत, पांच घायल

रजौली में NH-20 पर खड़े खराब ट्रक में तेज रफ्तार कार घुस गई. हादसे में तीन वर्षीय बच्चे की मौत और पांच लोग घायल हो गए.

BREAKING: NH-20 पर मौत बनकर खड़ा था ट्रक! तेज रफ्तार कार पीछे से घुसी, 3 साल के मासूम की मौत, पांच घायल

नवादा (NAWADA): बिहार के नवादा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा रजौली थाना क्षेत्र में स्वास्तिक होटल के समीप हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया.

जानकारी के अनुसार, कार में सवार परिवार पश्चिम बंगाल से बिहार की राजधानी पटना जा रहा था. शुक्रवार की सुबह जब उनकी कार NH-20 पर रजौली के स्वास्तिक होटल के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रक गुरुवार से ही खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. हादसे में तीन वर्षीय अयांश शर्मा की जान चली गई. वहीं कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. कार के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने मासूम अयांश शर्मा को मृत घोषित कर दिया. घायलों में दो की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर किया गया है.

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस सफर में परिवार पटना पहुंचने की उम्मीद लेकर निकला था, वही सफर एक दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक की वजह से, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. वहीं, सड़क पर खराब वाहनों को बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के खड़ा छोड़ने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.