नवादा में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष के भाई पर हमला, चेहरा ढककर पहुंचे थे हमलावर

नवादा के हिसुआ में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र राजवंशी के भाई शैलेंद्र कुमार पर कथित रूप से नौ युवकों ने हमला कर दिया. घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर किया गया है. पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है.

नवादा में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष के भाई पर हमला, चेहरा ढककर पहुंचे थे हमलावर

नवादा (NAWADA): जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र राजवंशी के भाई शैलेंद्र कुमार पर कथित हमला हुआ. घटना महिला कॉलेज के पास की बताई जा रही है. हमले में घायल शैलेंद्र को पहले हिसुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा रेफर कर दिया गया.

तीन बाइक से पहुंचे थे युवक

शैलेंद्र कुमार के अनुसार, वह बाइक से नगर परिषद उपाध्यक्ष के घर जा रहे थे. महिला कॉलेज के पास पहुंचने पर तीन बाइक से आए करीब नौ युवकों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी.उन्होंने पिस्टल से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया है. पीड़ित के मुताबिक सभी हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे.शैलेंद्र ने पुलिस को बताया कि हमले के दौरान आरोपियों ने उनके भाई धर्मेंद्र राजवंशी का नाम लिया और गोली मारने की धमकी दी. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

अस्पताल पहुंचे डीएसपी और थाना प्रभारी

घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी सुरेश प्रसाद और हिसुआ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायल युवक और चिकित्सक से घटना तथा चोटों के संबंध में जानकारी ली. डीएसपी के मुताबिक घायल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है. प्रारंभिक जानकारी में चाकू और ब्लेड से हमला किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ हमले के कारणों की भी जांच कर रही है.