नवादा (BIHAR) : जिले के एक निजी स्कूल के होस्टल में पढ़ने वाले 10 वर्षीय छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित छात्र के परिजनों ने स्कूल के प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि मामूली बात पर बच्चे की बेरहमी से पिटाई की गई. जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
बच्चे के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान
परिजनों के अनुसार, किसी बात को लेकर स्कूल के प्राचार्य ने पहले बच्चे को पटक-पटक कर मारा और फिर खजूर की छड़ी से उसकी पिटाई की. उनका कहना है कि मारपीट के कारण बच्चे के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को अपने साथ घर ले आए.
पिटाई की वजह से बच्चा पूरी तरह सहमा
पीड़ित छात्र धनराज कुमार ने बताया कि होस्टल में एक अन्य छात्र ने एक लड़की की कॉपी पर कुछ लिख दिया था. इसी बात को लेकर प्राचार्य ने उस पर झूठा आरोप लगाया और बिना किसी गलती के उसकी पिटाई कर दी. छात्र ने बताया कि उसे काफी देर तक मारा गया, जिससे वह बुरी तरह डर गया.
दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग
पीड़ित के पिता धनंजय कुमार ने कहा कि बच्चों के साथ इस तरह की हिंसा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जा सकती. उन्होंने दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि वे इस मामले को लेकर मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत देंगे, ताकि घटना की निष्पक्ष जांच हो सके और जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई की जाए.
जांच के बाद मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी
फिलहाल इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस को आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू होने की संभावना है. जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी.

