नालंदा के दीपनगर में जमीन विवाद पर बवाल, युवक के पैर में दागी गोली

नालंदा के दीपनगर में जमीन विवाद पर बवाल, युवक के पैर में दागी गोली

नालंदा (NALANDA) : जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में जमीन विवाद ने रौद्र रूप ले लिया. पुलिस की मौजूदगी में हुई गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया. घायल की पहचान कल्याणपुर निवासी गणेश यादव के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है. गोली रौशन के पैर में लगी है. उसे तुरंत इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.

दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद

घायल के पिता गणेश यादव ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने दारोगा बीघा निवासी सुहावन सिंह से छह कट्ठा जमीन खरीदी थी. उनका आरोप है कि खरीदारी के समय चार कट्ठा जमीन की सही तरीके से रजिस्ट्री हुई, जबकि बाकी दो कट्ठा जमीन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज कर दी गई. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी में चली गोली

रौशन कुमार विवादित जमीन की जुताई कराने पहुंचा था. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. सूचना मिलने पर दीपनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस के सामने ही सुहावन सिंह के पुत्र शिशुपाल सिंह ने रौशन कुमार पर गोली चला दी. गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा.

ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया. लोगों ने उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया. घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के कारणों के साथ जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.