छात्रा से बात करने को लेकर विवाद, दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में...
नालंदा में एक ही कक्षा के छात्र छात्रा के बात करने के विवाद में कुछ लोगों ने दो सगे भाई पर चाकू से हमला कर दिया. घटना में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
नालंदा: बिहार में एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए एड़ी चोटी एक कर काम कर रही है तो दूसरी तरफ बदमाश अपने मंसूबों से बाज नहीं आ रहे हैं. नालंदा में सोमवार की शाम बदमाशों ने दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया जिसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद दोनों को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. घटना नालंदा के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं मस्जिद के समीप की है. घायलों की पहचान कागजी मोहल्ला निवासी मोहम्मद परवेज के पुत्र मोहम्मद अली और मोहम्मद अरबाज के रूप में की गई.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जख्मी युवक मोहम्मद अली अपने स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से बात करता था. इसी वजह से लड़की के घर के एक सदस्य ने युवक को बातचीत करने के लिए मोगलकुआं के समीप बुलाया. घटना के संबंध में जख्मी मोहम्मद अली ने बताया कि जब वह पहुंचा तो सामान्य तरीके से बातचीत शुरू हुई और इसी बीच कुछ अन्य युवक भी पहुंच गए. थोड़ी देर के बातचीत के बाद युवकों ने गाली गलौज शुरु कर दी और एक युवक ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया.
इधर भाई पर चाकू से हमला की जानकारी मिलने के बाद दूसरा भाई मोहम्मद अरबाज भी मौके पर पहुंच गया और बीच बचाव की कोशिश करने लगा. आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया तथा चाकू से कई वार किए. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति हो गई. स्थानीय लोगों ने जख्मी हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया. घटना के संबंध में सोहसराय थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों एक ही स्कूल में नौंवीं कक्षा में पढ़ते हैं. दोनों आपस में बातचीत करते थे और इसी वजह से जानलेवा हमला किया गया है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर लिया है. प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.