हाजीपुर (HAJIPUR): बिहार के हाजीपुर जिले से डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां एक युवक ने अपने चाचा और चाचा भाई की गोली मारकर हत्या कर दी है.पूरा मामला बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव का है.जहां रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में भतीजे ने अपने चाचा और चचेरे भाई की जान ले ली.मृतक चचेरा भाई भारतीय सेना का जवान था और छुट्टी पर घर आया हुआ था. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है.एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 60 वर्षीय मुनरिक राय और उनके 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार राय के रूप में हुई है.
लम्बे समय से चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में आरोपी भतीजे ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से मुनरिक राय और उनके बेटे जितेंद्र कुमार राय की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया.गोलीबारी की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से घटना की जानकारी ली. वहीं, घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे है.
स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक मुनरिक राय पिछले पंचायत चुनाव में मुखिया पद के प्रत्याशी रह चुके थे.वहीं, सेना के जवान जितेंद्र कुमार राय अपने पीछे पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं.फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. दोहरे हत्याकांड के बाद रजासन गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

