Rajgir Mahotsav : तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव की शुरुआत, संस्कृति और लोक कला का होगा अनूठा संगम

राजगीर महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, सांस्कृतिक वैभव से जगमगाई ऐतिहासिक नगरी राजगीर. बिहार की गौरवशाली विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं ऐतिहासिक धरोहर के प्रतीक राजगीर महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन गुरुवार को उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने किया

Rajgir Mahotsav :  तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव की शुरुआत, संस्कृति और लोक कला का होगा अनूठा संगम

नालंदा: ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को समेटे नालंदा के राजगीर की धरती पर आयोजित राजगीर महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान की खूब चर्चा हुई. कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने राजगीर के विकास में नीतीश कुमार की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि आज जिस राजगीर को देश-दुनिया में नई पहचान मिली है, उसके विकास में नीतीश कुमार का अहम योगदान रहा है. उनके द्वारा किए गए कार्यों को लोग हमेशा याद रखेंगे.

गौरवशाली नगरों में शुमार राजगीर की लौट रही सांस्कृतिक पहचान

उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र यादव ने कहा कि राजगीर कभी देश के बड़े और गौरवशाली नगरों में शुमार हुआ करता था. इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान सदियों पुरानी है. मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने इस ऐतिहासिक नगरी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए. उन्होंने डॉ राममनोहर लोहिया के सपनों को साकार करने की दिशा में भी कोई कसर नहीं छोड़ी. महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने के साथ समाज के हर तबके के विकास के लिए काम किया. उनका यह योगदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को विकास की अग्रणी श्रेणी में पहुंचाने का सपना देखा और उस दिशा में लगातार प्रयास किया. उनके कार्यकाल में राज्य में आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास और महिला सशक्तीकरण को नई गति मिली.

गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति की भूमि रही है राजगीर

ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राजगीर भारत की गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति की भूमि रही है. भगवान बुद्ध और भगवान महावीर की तपोभूमि होने के कारण इसका विशेष महत्व है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इसके विकास के लिए कई काम किए. जरासंध अखाड़ा का जीर्णोद्धार समेत अनेक योजनाओं के माध्यम से राजगीर की विरासत को संवारने का प्रयास किया गया. उन्होंने कहा कि राजगीर महोत्सव स्थानीय कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे निखारने का बेहतर मंच है.

राजगीर के साथ नीतीश कुमार का नाम आना स्वाभाविक

सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि नालंदा महात्मा बुद्ध और भगवान महावीर की धरती होने के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी कर्मभूमि रही है. राजगीर महोत्सव का नाम आते ही नीतीश कुमार का नाम आना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि इस बार महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री की कमी खल रही है. राजगीर को विकसित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है.

इस अवसर पर ऐतिहासिक नगरी राजगीर उत्सव, उमंग और उल्लास के रंगों से सराबोर हो उठी. महोत्सव का शुभारंभ बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, कला, संगीत एवं परंपराओं के भव्य प्रदर्शन के साथ हुआ. राजगीर महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विविधता को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने का एक सशक्त माध्यम है. यह महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां प्रदान करने के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय कला एवं प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है. तीन दिवसीय इस महोत्सव में देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विविध आकर्षक आयोजन दर्शकों को एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेंगे.