बिहार में शराब तस्कर बेखौफ, पीछा कर रही पुलिस टीम पर की फायरिंग, एक जवान शहीद

नालंदा में शराब लदी पिकअप को रोकने की कोशिश की दौरान तस्करों ने फायरिंग कर दी जिसमें एक जवान शहीद हो गए। घटना के बाद पुलिस तस्करों की तलाश में जुट गई है।

बिहार में शराब तस्कर बेखौफ, पीछा कर रही पुलिस टीम पर की फायरिंग, एक जवान शहीद

नालंदा: शराबबंदी वाले बिहार में एक तरफ अवैध तस्करी तो रुक नहीं रही दूसरी तरफ कार्रवाई के दौरान अब कारोबारी पुलिस पर हमला से भी पीछे नहीं हटते हैं. ताजा मामला नालंदा से सामने आई है जहां शराब की सूचना पर छापेमारी के लिए गई टीम पर अवैध शराब कारोबारियों ने हमला कर दिया. तस्करों की फायरिंग में एक पुलिस जवान शहीद हो गए. घटना नालंदा के पावापुरी सिलाव हाईवे पर स्थित फ्लाईओवर के समीप की है. शहीद पुलिस जवान की पहचान अजीत कुमार के रूप में की गई. मामले में उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यालय स्थित एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन से शराब नालंदा लाई जा रही है और वह खराट मोड़ की तरफ से आगे बढ़ रही है. सूचना के बाद पटना से एक एक टीम नालंदा पहुंची और जिला उत्पाद इंस्पेक्टर के साथ स्थानीय पुलिस की मदद से विभिन्न रास्तों की घेराबंदी की. इस दौरान पुलिस ने पावापुरी सिलाव हाईवे पर स्थित फ्लाईओवर पर जब एक पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की तभी तस्करों के लिए लाइनर की भूमिका निभा रहे व्यक्ति ने पुलिस पर फायरिंग कर दी.

गोली लगने के बाद सिपाही अजीत कुमार जख्मी हो कर गिर गए. अचानक साथी पुलिसकर्मी को गोली लगने के बाद टीम के अन्य सदस्यों में अफरातफरी मच गई. इसी बीच लाइनर और पिकअप में सवार तस्कर मौके का फायदा उठा कर शराब समेत भाग निकले. इधर आनन फानन में जख्मी पुलिसकर्मी को पावापुरी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया. पीएमसीएच में इलाज के दौरान पुलिसकर्मी का निधन हो गया. पुलिसकर्मी के शहीद होने की खबर के बाद जिले के पुलिस महकमे में शोक की लहर है.

मामले को लेकर उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि शराब तस्करी की सूचना पर मुख्यालय से आई टीम और स्थानीय टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तस्करों ने फायरिंग की जिसमें एक सिपाही को गोली लग गई. इलाज के दौरान सिपाही का निधन हो गया. फिलहाल पुलिस शराब तस्कर की पहचान करने और गिरफ्तारी की कोशिश में जुट गई है. हाईवे और आसपास के रास्तों पर भी नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.