तस्कर नहीं होमगार्ड की गोली से हुई थी उत्पाद सिपाही की मौत, महिला दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मी हिरासत में

गुरुवार को नालंदा में तस्करों की गोली से एक़ सिपाही की मौत मामले में बड़ा मोड़ आया है। जांच में सामने आई है कि होमगार्ड जवान के राइफल से चली गोली सिपाही को लगी थी

तस्कर नहीं होमगार्ड की गोली से हुई थी उत्पाद सिपाही की मौत, महिला दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मी हिरासत में

नालंदा: गुरुवार की सुबह नालंदा में शराब तस्करों का पीछा करने के दौरान गोली लगने से सिपाही की मौत मामले में अब पूरी थ्योरी पर सवाल उठने लगा है। घटना के बाद पुलिस की जांच में ही कई गड़बड़ियां सामने आई है जिसके बाद एक महिला दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही छापेमारी के दौरान मौजूद सभी पुलिसकर्मियों के संबंध में जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार सिपाही अजीत कुमार की मौत की अब गहन जांच की जा रही है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि घटना को लेकर बताई गई पूरी कहानी झूठी है जबकि सच कुछ हट कर है। इस मामले में जानकारी यह भी मिल रही है कि कार्रवाई और पुलिसकर्मी को गोली लगने की बात भी शुरुआत में वरीय पदाधिकारियों से छिपाया गया था। जांच में सामने आया है कि सिपाही मौत एक होमगार्ड जवान के राइफल से चली गोली लगने से हुई है।

सूत्रों की मानें तो घटना बुधवार देर रात की है जबकि वरीय अधिकारियों को गुरुवार की सुबह जानकारी दी गई। बताया गया था कि महिला दारोगा पुष्पा कुमारी के नेतृत्व में पटना से आई टीम और जिला उत्पाद थाना के कुछ पुलिसकर्मियों ने वरीय अधिकारी को सूचना दिए बगैर ही कार्रवाई की थी। इस दौरान एक होमगार्ड जवान के राइफल से चली गोली उत्पाद सिपाही अजीत कुमार को लग गई जिसे पावापुरी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। अब जांच में सामने आई है कि टीम ने जो कहानी बताई थी वह झूठी थी और सिपाही की मौत तस्करों की गोली से नहीं हुई थी। हालांकि पुलिस पिकअप और शराब तस्करों की पहचान करने में भी जुटी हुई है। अब पूरे मामले की जांच के लिए एक एसआईटी गठित की गई है।

क्या है मामला

बता दें कि गुरुवार की सुबह नालंदा से एक खबर सामने आई थी कि शराब तस्करी की सूचना पर उत्पाद विभाग पटना से आई टीम और स्थानीय उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी जिसमें एक सिपाही अजीत कुमार को गोली लग गई जिनकी मौत इलाज के दौरान पीएमसीएच में हो गई। घटना की जांच के दौरान सामने आई कि सिपाही को पुलिस टीम की राइफल से चली गोली लगी है साथ ही टीम ने वरीय अधिकारियों से कई तथ्य छुपाई है। मामला सामने आते ही तत्काल दारोगा पुष्पा कुमारी समेत दो पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।