मामूली विवाद में खूनी खेल! गली में बाइक खड़ी करने पर 45 वर्षीय शख्स की गोली मारकर हत्या

नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के पोरैई गांव में बाइक पार्किंग के विवाद में 45 वर्षीय सुनील कुमार की गोली मारकर हत्या, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी.

मामूली विवाद में खूनी खेल! गली में बाइक खड़ी करने पर 45 वर्षीय शख्स की गोली मारकर हत्या

नालंदा (NALANDA): बिहार के नालंदा जिले में गली में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना हरनौत थाना क्षेत्र के पोरैई गांव की है. मृतक की पहचान स्वर्गीय जगदीश महतो के पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.

परिजनों के अनुसार, गांव की गली में बाइक खड़ी करने को लेकर सुनील कुमार और उनके पड़ोसी सौरभ कुमार के बीच विवाद शुरू हुआ था. बताया जा रहा है कि सौरभ कुमार ने गली में बाइक खड़ी की थी, जिसका सुनील कुमार ने विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सौरभ कुमार ने सुनील कुमार के सिर में गोली मार दी. गोली लगने से सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल सुनील कुमार को इलाज के लिए बिहारशरीफ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. सुनील कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है.

गली में बाइक खड़ी करने जैसे मामूली विवाद में हत्या की इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद पुलिस आरोपी सौरभ कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.