ड्रोन ने खोला राज! बिहार में पहली बार एरियल सर्विलांस से पकड़ी गई मिनी गन फैक्ट्री

नालंदा (NALANDA): जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कि है जहां अपराध और अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. इस ऑपरेशन की खास बात यह रही कि पुलिस ने पहली बार एरियल सर्विलांस और एरियल मैपिंग तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किया. आधुनिक तकनीक की मदद से संदिग्ध इलाके की निगरानी की गई, जिसके बाद पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश किया. इस कार्रवाई को बिहार पुलिस की तकनीक आधारित अपराध नियंत्रण रणनीति की बड़ी सफलता माना जा रहा है.

पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए. जब्त सामान में एक बेस मशीन, दो ड्रिल मशीन, तीन हैंड ग्राइंडर, दो इलेक्ट्रिक कटर, एक वेल्डिंग मशीन और एक जनरेटर शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इन उपकरणों की मदद से अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे थे. बरामद सामग्री से यह साफ संकेत मिलता है कि यहां लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण का काम संचालित किया जा रहा था. मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है.

बिहार पुलिस का कहना है कि अब अपराधियों और हथियार तस्करों के खिलाफ अभियान में आधुनिक तकनीकों का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाएगा. एरियल मैपिंग और एरियल सर्विलांस के जरिए संदिग्ध क्षेत्रों की निगरानी कर अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिल रही है. पुलिस का मानना है कि इस तरह की तकनीक आधारित कार्रवाई से अवैध हथियार निर्माण, तस्करी और संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

रिपोर्ट- ऋषि नाथ