नालंदा में लैब कर्मी की बेरहमी से हत्या, परिजनों ने शव रखकर NH-20 किया जाम

नालंदा में लैब कर्मी की बेरहमी से हत्या, परिजनों ने शव रखकर NH-20 किया जाम

नालंदा (BIHAR) : बिहार के नालंदा में एक लैब कर्मी की चाकू मारकर हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों और ग्रामीणों ने शव को NH-20 पर रखकर सड़क जाम कर दिया और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है.

हरनौत बाजार के लैब में काम करता था सोनू

मृतक 37 वर्षीय सोनू कुमार चेरण गांव का निवासी था और हरनौत बाजार की एक पैथोलॉजी लैब में काम करता था. परिजनों के अनुसार, किसी ने सोनू को फोन कर घर से बुलाया. आरोप है कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने शिवाजी मोहल्ले के पास उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल सोनू को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेजा गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

सोनू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का कहना है कि वह घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसी के सहारे पूरे परिवार का गुजारा चलता था. गुस्साए परिजनों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी, परिवार को आर्थिक मुआवजा और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर ठोस आश्वासन नहीं देंगे तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है. अंतिम कॉल की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस हत्याकांड से पूरे नालंदा जिले में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं.