नालंदा(NALANDA):आजकल गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड का जमाना है. एक समय था, जब प्रेमी-प्रेमिका पहली बार एक-दूसरे का हाथ थामते थे तो जिंदगी भर उसे नहीं छोड़ते थे. चाहे दुनिया लाख कोशिश करती, लेकिन वे एक-दूसरे का साथ जिंदगी भर नहीं छोड़ते थे. लेकिन आज का दौर ऐसा है, जहां लोग गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड तो बनाते हैं, लेकिन जब बात शादी की आती है तो लड़का या लड़की, दोनों में से कोई एक मुकर जाता है. हालांकि ऐसा सभी के साथ नहीं होता, लेकिन आज के आधुनिक युग में 10 में से 7 लोग ऐसे हैं, जो शादी के वक्त अपने वादे से पीछे हट जाते हैं. दरअसल, हम इन सब बातों की चर्चा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि बिहार के नालंदा जिले से एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या आज हमारे युवाओं के अंदर संस्कारों की कमी है. आखिर वे प्यार को टाइम पास क्यों समझने लगे हैं.
प्यार, वादे और फिर वादे से मुकरने की दास्तां
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में प्यार, वादे और फिर उस वादे से मुकरने की ऐसी दास्तां सामने आई है, जिसका अंत बेहद खौफनाक देखने को मिला. राजगीर में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को बीच सड़क पर बाइक से करीब 100 मीटर तक घसीटा. कसूर सिर्फ इतना था कि पांच साल से साथ रही युवती अपने हक के लिए शादी की बात कह रही थी. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे एक युवक तेज रफ्तार से बाइक दौड़ा रहा है और एक युवती बाइक पकड़े हुए जमीन पर घिसटती जा रही है. करीब 100 मीटर तक युवती चीखती रही, गुहार लगाती रही, लेकिन बेदर्द प्रेमी का दिल नहीं पसीजा.
प्रेमिका ने की शादी की पहल तो भड़क गया प्रेमी
आरोपी युवक नवादा जिले के नारदीगंज में अमीन के पद पर तैनात है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. चार-पांच दिन पहले जब आरोपी अपनी प्रेमिका से मिलने राजगीर पहुंचा, तो युवती ने शादी का दबाव बनाया. बस यही बात 'साहब' को नागवार गुजरी. बहस बढ़ी तो आरोपी ने बाइक स्टार्ट की और भागने लगा. युवती ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने रफ्तार कम करने के बजाय बाइक भगा दी और युवती को सड़क पर घसीटता रहा. हालांकि कुछ दूर जाकर बाइक असंतुलित होकर गिर गई. इसके बाद दोनों के बीच नोकझोंक हुई और मौके पर भीड़ जमा हो गई.
लोगों ने लड़के को पकड़कर जमकर की पीटाई
गनीमत रही कि कुछ दूर जाकर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और आरोपी गिर पड़ा. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी. पकड़े जाने पर शातिर प्रेमी ने लोगों को गुमराह करने के लिए इसे 'घरेलू झगड़ा' बताया और युवती को अपनी 'पत्नी' तक बता डाला. राजगीर थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार के मुताबिक, मामला शादी के विवाद से जुड़ा है. पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी अमीन के पद पर तैनात है. युवती ने अब नवादा जिले के नारदीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

