नालंदा में सरेआम आभूषण व्यापारी को गोली मार, अपराधियों ने लूट लिए 12 लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस

नालंदा में अपराधियों ने सरेआम एक आभूषण व्यवसाई को गोली मार दी तथा करीब 12 लाख रूपये लूट लिए. बताया जा रहा है कि इस दौरान अपराधियों ने कुछ आभूषण की भी लूट की है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं जख्मी व्यवसाई को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया.

नालंदा में सरेआम आभूषण व्यापारी को गोली मार, अपराधियों ने लूट लिए 12 लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस

नालंदा (NALANDA): एक तरफ बिहार के मुख्यमंत्री और पुलिस के मुखिया लगातार अपराध नियंत्रण की बात करते हैं तो दूसरी तरफ बेखौफ अपराधी अपनी मर्जी के अनुसार वारदात को अंजाम देने में जुटे हुए हैं. ऐसा ही मामला सामने आया है नालंदा से जहां बेखौफ अपराधियों ने सरेआम एक आभूषण व्यवसाई को गोली मार दी तथा करीब 12 लाख रूपये लूट लिए. बताया जा रहा है कि इस दौरान अपराधियों ने कुछ आभूषण की भी लूट की है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया वहीं जख्मी व्यवसाई को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. जख्मी व्यवसायी की पहचान शेखपुरा के बरबीघा के फैजाबाद निवासी सोनू कुमार के रूप में की गई.

बताया जा रहा है कि जख्मी व्यवसायी नालंदा के बेनार मोड़ के समीप आभूषण का दुकान चलाते हैं. बीती शाम जब वह अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे तभी बाइक से दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और फिर गोली मार कर रुपए छीन लिया. गोलीबारी की घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई वहीं पुलिस ने जख्मी को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया जहां से बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया. इसके साथ ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

चिकित्सकों के अनुसार, गोली शरीर में फंसी हुई है. घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है. लगातार घट रही आपराधिक घटनाओं के बीच व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद सारे थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है.