नालंदा(NALANDA):आजकल रोजाना हमारे सामने सोशल मीडिया समाचार के माध्यम से अपराध की कई वारदातें सामने आती हैं, जहां पति-पत्नी, भाई-बहन, मां-बाप एक-दूसरे की जान के दुश्मन बन जाते हैं और एक-दूसरे की हत्या कर बैठते हैं.फिर सबूत छुपाने और खुद को बचाने के लिए न जाने कई तरह के षड्यंत्र रचते हैं. लेकिन बिहार के नालंदा जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी की दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी. उसके बाद न ही वह वहां से भागा और न ही साक्ष्य छुपाने की कोशिश की. उसने जो कुछ किया, वह काफी परेशान करने वाला है.
मुझे फांसी की सजा चाहिए....
बताया जा रहा है कि पहले तो उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद थाने पहुंच गया. पुलिस से जाकर कहा कि मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है, मुझे फांसी की सजा चाहिए.पूरा मामला नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के माली टोला की है.जहां शनिवार की सुबह 75 वर्षीय पति ने अपनी 56 वर्षीय पत्नी को चाकू मारकर हत्या कर दी.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही राजगीर थाना की पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका गिन्नी मालाकार की पत्नी बच्ची देवी है. आरोपी पति ने अपनी पत्नी की हत्या के पीछे का कारण बताया कि अक्सर वह उस पर भौजाई से अवैध संबंध का आरोप लगाती थी. यही कारण है कि हत्या की है. उन्होंने कहा कि जज साहेब से फांसी की मांग करेंगे. राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

