पटाखा जलाने के बाद हंसते हुए 5 दोस्त निकले थे घूमने, छोटी सी लापरवाही और 2 सगे भाई समेत 3 की मौत, 2 गंभीर
नालंदा में बीती रात एक भयंकर सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत 3 की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर से जख्मी हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
नालंदा: नालंदा में बीती रात एक भयंकर सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत 3 की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर से जख्मी हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना नालंदा हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार की है. घटना के बाद परिजन समेत पूरे इलाके में मातम का माहौल हो गया. मृतकों की पहचान हरनौत आदर्शनगर निवासी सगे भाई 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु तथा 13 वर्षीय अनीश एवं शबानाहुआ निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार के रूप में की गई. वहीं जख्मी की पहचान हरनौत निवासी 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार के रूप में की गई है, जिनकी हालत गंभीर है.
घटना के संबंध में जख्मी अमित ने बताया कि वे सभी किशोर पटाखा जला रहे थे. पटाखा खत्म होने के बाद सभी एक ही बाइक से बाजार निकल गए. बाइक गौतम चला रहा था और इसी दौरान पिलर संख्या 51 के समीप एक कुत्ता सड़क पर आ गया. उसे बचाने के क्रम में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई. बताया जा रहा है कि पांचों किशोरों में किसी ने हेलमेट नहीं पहनी थी जिससे उनके सर में गंभीर चोट लग गई, जिसमें 3 की मौत हो गई.
घटना के संबंध में मृतक के भतीजे ने बताया कि रात करीब 10 बजे सभी पटाखा जलाने के बाद सभी बाइक से घूमने निकल गए और आधे घंटे बाद यह जानकारी मिली. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई.