पिता ने बेटे को पहुंचाया स्कूल, 3 घंटे बाद ही मिली नदी में डूबने की खबर, जानिए फिर क्या हुआ
नालंदा में हॉस्टल से लापता एक छात्र का शव शनिवार की सुबह पंचाने नदी से बरामद की गई है. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि स्कूल अवैध रूप से श्मशान की जमीन पर बना है.
नालंदा: नालंदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है जहां स्कूल के हॉस्टल से लापता छात्र का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया है. छात्र का शव बरामद होने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर दिया. घटना को लेकर मृतक छात्र के परिजनों ने शिक्षक पर हत्या का आरोप लगाया है. मृतक छात्र की पहचान पटना के बुढ़रा गांव निवासी आलोक राज के 15 वर्षीय बेटे आनंद कुमार के रूप में की गई. बताया जा रहा है कि स्कूल के सभी शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक कर्मी फरार हैं. लोगों के आक्रोश को देखते हुए कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने में जुट गई.
12 बजे पिता ने पहुंचाया, 3 बजे मिली डूबने की खबर
घटना नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के कोसुक गांव की है जहां एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रह कर पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के छात्र आनंद का शव संदिग्ध हालत में कोसुक नदी से बरामद किया गया है. मामले को लेकर परिजनों ने बताया कि दुर्गा पूजा की छुट्टी खत्म होने के बाद उसे शुक्रवार को दोपहर 12 बजे के आसपास स्कूल पहुंचाया गया था लेकिन कुछ देर बाद ही वह लापता हो गया. बाद में करीब 3 बजे परिजनों को जानकारी दी गई कि छात्र स्कूल से भाग गया और उसकी नदी में डूब कर मौत हो गई, वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. घटना से आक्रोशित लोगों ने राजगीर बिहारशरीफ मुख्य सड़क जाम कर दिया और करीब 5 घंटे तक प्रदर्शन करते रहे.

शनिवार की सुबह नदी से मिला शव
शनिवार की सुबह छात्र का शव मिलने के बाद एक बार फिर परिजन समेत स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और सड़क जाम कर दिया. मामले की जानकारी मिलने के बाद कई थाने की पुलिस के साथ ही आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाने में जुट गए. परिजनों की मांग है कि आरोपी को यथाशीघ्र गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाए. सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल में भी सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं साथ ही फरार शिक्षकों की तलाश की जा रही है. छात्र के पिता ने स्कूल के डायरेक्टर और शिक्षकों पर हत्या का आरोप लगाया है.
श्मशान की जमीन पर बना है स्कूल
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूल अवैध जमीन कब्जा कर श्मशान की जमीन पर बनाया गया है. इसे हटाने के लिए प्रशासन की तरफ से नोटिस भी जारी की गई है लेकिन बावजूद इसके स्कूल संचालित की जा रही है. फिलहाल दीपनगर थाना की पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है.