नालंदा (NALANDA) : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहारशरीफ स्थित पुलिस लाइन के समीप नालंदा डेयरी परिसर में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले आधुनिक दही एवं लस्सी प्लांट का उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने 'सरकार से समृद्धि' योजना के तहत कॉम्फेड द्वारा संचालित एचपीसीएल पेट्रोल पंप का शिलान्यास भी किया. मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले के डेयरी क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक भवन के सभागार में राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर कॉम्फेड की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया गया. इसमें डेयरी विकास, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी गई.

दुग्ध उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 300 रिटेलरों के बीच डीप फ्रीजर (डीप) की चाबियां वितरित कीं, जिससे दूध और दुग्ध उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही पशुओं की आपातकालीन सेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से 14 विशेष वाहनों का लोकार्पण भी किया. इन वाहनों के माध्यम से सड़क दुर्घटना या अन्य कारणों से घायल पशुओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनका इलाज कराया जा सकेगा.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया विशेष जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डेयरी क्षेत्र के साथ-साथ बकरी पालन को भी बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में बकरी के दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार काम करेगी. इससे बकरी पालकों की आय बढ़ेगी और लोगों को पौष्टिक दूध का एक नया विकल्प भी मिलेगा.

पूरे बिहार में रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसानों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है. डेयरी उद्योग के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और पशुपालन को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य है. उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से नालंदा सहित पूरे बिहार में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और किसानों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी.

