नालंदा (NALANDA): बिहार के नालंदा जिले के छबिलापुर थाना क्षेत्र स्थित केसरी बिगहा गांव में शनिवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी.इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.मृतक की पहचान केसरी बिगहा गांव निवासी छोटी यादव (45), पिता साजो गोप, के रूप में हुई है.
आपसी रंजिश में हत्या का आरोप
मृतक के भाई सुनील यादव ने आरोप लगाया कि हत्या पुरानी चुनावी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है. उन्होंने बताया कि गांव के ही धीरज यादव के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था.उनका यह भी कहना है कि कुछ वर्ष पहले मृतक के भतीजे रवि कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.मामले में राजगीर अनुमंडल के डीएसपी संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि 12 जुलाई की देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी.सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है.साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.पुलिस तकनीकी और मानवीय दोनों आधारों पर मामले की जांच कर रही है.शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

