नालंदा (BIHAR) : बिहार के नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में पुलिस की बोलेरो और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. गुस्साए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-20) को जाम कर आगजनी की. स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें पथराव और लाठीचार्ज की नौबत आ गई. इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.
पुलिस की बोलेरो और उसकी बाइक के बीच टक्कर
मृतक की पहचान कल्याण बीघा थाना क्षेत्र निवासी पिंकू यादव के 23 वर्षीय पुत्र प्रधुम्न कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हरनौत इलाके में पुलिस की बोलेरो और उसकी बाइक के बीच टक्कर हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि प्रधुम्न कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
लोगों ने एनएच-20 को जाम कर दिया
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया. जैसे ही शव हरनौत पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने एनएच-20 को जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी.
हंगामे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव कर दिया. पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया.
यातायात को सामान्य कराया गया
करीब पांच घंटे तक चले सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बाद में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया. काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. वहीं, इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

