बस की छत पर रखी साइकिल बनी काल, नालंदा में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से दंपत्ति की मौत, 9 घायल

बस की छत पर रखी साइकिल बनी काल, नालंदा में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से दंपत्ति की मौत, 9 घायल

नालंदा (NALANDA) : बिहार के नालंदा जिले में एक दर्दनाक हादसे में एक दंपत्ति की करंट लगने से मौत हो गई है  जबकि नौ लोग घायल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि मजदूरी कर लौट रहे लोगों से भरी बस की छत पर एक साइकल रखी थी जो 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आते हीं पूरी बस में करंट फैल गया. इस घटना की खबर फैलते हीं इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घोसरावा गांव के रहने वाले हैं सभी लोग

घायलों ने बताया कि सभी लोग घोसरावा गांव के रहने वाले हैं और पश्चिम चंपारण के बेतिया से मजदूरी कर बस से अपने गांव लौट रहे थे. बस की छत पर एक साइकिल रखी हुई थी. गांव पहुंचने से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले बस की छत पर रखी साइकिल 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गई. इसके बाद पूरी बस में करंट फैल गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.

प्रशासनिक महकमें में मचा हड़कंप

हादसे में रुदल मांझी और उनकी पत्नी फुलो देवी की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया. राजगीर के एसडीओ और डीएसपी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली. अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से भी बातचीत की.

प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटी

एसडीओ ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 20-20 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही सरकार की ओर से मिलने वाली अन्य सहायता भी नियमानुसार दी जाएगी. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.

इस दर्दनाक घटना के बाद घोसरावा गांव में मातम पसरा हुआ है. एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.